हनुमानगढ़। टाउन धानमंडी में आधुनिक तरीके से बनाए गए कृषि उपज मंडी समिति के कार्यालय भवन का लोकार्पण शनिवार को विधायक चौधरी विनोद कुमार ने किया। विधायक चौधरी विनोद कुमार के मुख्य आतिथ्य में आयोजित कार्यक्रम में जिला प्रमुख कविता मेघवाल, पंचायत समिति के पूर्व प्रधान दयाराम जाखड़, मंडी समिति अध्यक्ष अमरसिंह सिहाग, उपाध्यक्ष घनश्याम भादू, उपप्रधान प्रतिनिधि कालूराम गोदारा, मंडी समिति सचिव सीएल वर्मा, फूडग्रेन मर्चंेट्स एसोसिएशन संस्था अध्यक्ष संतराम जिन्दल, सरपंच संदीप सिद्धू, राजकुमार सोडा, रेणु चौधरी, बालकृष्ण गोल्याण सहित अन्य जनप्रतिनिधि-व्यापारी व किसान मौजूद रहे। कार्यक्रम में विधायक चौधरी विनोद कुमार ने कहा कि कृषि उपज मंडी समिति के कार्यालय का भवन कई साल पहले बना था। अब 49 लाख 70 हजार रुपए की लागत से भवन का नवीनीकरण किया गया है। इससे कार्यालय में किसी कार्य से आने वाले किसानों के साथ व्यापारियों को सुविधा होगी। वर्षांे पहले बने विश्राम गृह का भी नवीनीकरण करवाने का प्रयास रहेगा। इसके लिए आगामी बजट में बजट स्वीकृति के प्रयास किए जाएंगे। विश्राम गृह का नवीनीकरण होने से किसानों को रात्रि के समय ठहरने की सुविधा होगी। विधायक ने कहा कि टाउन में कृषि उपज मंडी समिति बनने से आसपास के गांवों के किसानों को अब अधिक दूरी तय कर जंक्शन नहीं जाना पड़ता। शहर के लिए यह बहुत बड़ी उपलब्धि है। किसी भी प्रकार की समस्या या विवाद का अब स्थानीय स्तर पर ही समाधान हो रहा है। विधायक ने कहा कि मंडी किसानों और व्यापारियों के हितों की रक्षा करती है। उनके साथ धोखाधड़ी न हो, इस बात की जिम्मेवारी कृषि विपणन बोर्ड की है।
0 टिप्पणियाँ