हनुमानगढ़ जिले के रावतसर थाना क्षेत्र में ससुराल आए एक व्यक्ति की हत्या की खबर सामने आई है। मृतक बलबीर अपनी नाराज पत्नी को लेने रावतसर के खेदासरी गांव अपने ससुराल आया था। ससुराल में पत्नी व सालों के बीच हुई आपसी बोलचाल में सालों ने अपने ही जीजा की टोपीदार बंदूक से फायर कर हत्या कर दी। रावतसर पुलिस ने मौके पर पहुंच शव को अपने कब्जे में लेकर रावतसर की अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। वहीं परिजनों को सूचित किया है पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
रावतसर थानाधिकारी अरुण चौधरी ने बताया कि रावतसर के निकट ग्राम पंचायत खेदासरी से सूचना मिली कि एक जने की हत्या कर दी गयी है। पुलिस ने मौके पर पहुंच लहूलुहान पड़े मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर रावतसर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। प्रारंभिक सूचना से पुलिस को सूचना मिली कि मृतक बलबीर पुत्र मंगलाराम श्रीगंगानगर जिले का निवासी है। जो अपनी पत्नी कोयली को लेने अपने ससुराल आया था। उसकी पत्नी के साथ 6 दिन पहले बलबीर का किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था जिससे नाराज होकर महिला कोयली अपने पीहर आ गयी थी। नाराज पत्नी को घर ले जाने के लिए मोटरसाइकिल पर सवार होकर बलबीर ससुराल पहुंचा था। तभी मृतक की अपनी पत्नी कोयली औऱ सालों कालूराम व शंकर बावरी के बीच किसी बात को लेकर आपसी कहासुनी हो गयी। कहासुनी के दौरान मृतक के सालों कालूराम और शंकर बावरी ने घर पर पड़ी अवैध टोपीदार बंदूक से फायर कर दिया। फायर सीधा बलबीर के सिर में लगने की वजह से उसकी मौके पर ही मौत हो गयी। फिलहाल पुलिस ने मृतक के शव को मोर्चरी में रखवा दिया है और परिजनों को सूचित किया है। मृतक के भाई रामकुमार पुत्र मंगलाराम बावरी मौके पर पहुंच गया है। सभी परिजनों के आने के बाद मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया जाएगा। सीआई अरुण चौधरी ने बताया कि मृतक के परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर आगामी कार्यवाही की जाएगी।
0 टिप्पणियाँ