Ad Code

Responsive Advertisement

हमारा स्वास्थ्य हमारी जिम्मेदारी का दूसरा फेज शुरू, 15 सितम्बर तक चलेगा

हनुमानगढ़। राज्य सरकार के निरोगी राजस्थान अभियान के अंतर्गत वेक्टरबोर्न बीमारियों की नियंत्रण एवं रोकथाम के लिए जिले में 7 अगस्त से हमारा स्वास्थ्य हमारी जिम्मेदारी अभियान का द्वितीय चरण शुरु हो गया है, जो 15 सितम्बर तक संचालित किया जाएगा। इस अभियान के अंतर्गत मच्छरों की ट्रांसमिशन शंृखला को तोडऩे के लिए मच्छर रोधी गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। अभियान में मौसमी बीमारियों, मच्छर जनित रोग, डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया, बीमारियों के प्रभावी नियंत्रण किया जाएगा।
सीएमएचओ डॉ. ओपी चाहर ने बताया कि चिकित्सा विभाग के हमारा स्वास्थ्य हमारी जिम्मेदारी अभियान का द्वितीय चरण सोमवार से शुरु कर दिया गया, जो 15 सितम्बर तक जारी रहेगा। इसके अंतर्गत आशा व एएनएम की टीम द्वारा सर्वे कार्य तथा एलएचवी व सुपरवाइजर की टीम द्वारा सुपरवाइजरी कार्य किया जाएगा। टीमों द्वारा घर-घर बुखार के रोगियों का सर्वे, एंटोमोलॉजिकल सर्वे व हाउस इंडेक्स की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी। एंटीलार्वा एंटीएडल्ट गतिविधियां व लार्वा प्रदर्शन गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। बुखार के रोगियों की रक्त पट्टिकाएं बनाई जाएगी। अभियान के अंतर्गत विभिन्न विभागों का भी सहयोग व समन्वय लिया जा रहा है। स्थानीय निकाय द्वारा नालियों की सफाई, एमएलओ डालना, फोगिंग, पानी के स्रोतों की सफाई, अनावश्यक वनस्पतियों की सफाई, शिक्षा विभाग द्वारा विद्यार्थियों को जागरुक किया जाएगा। वार्डवाइज माइक्रोप्लान तैयार कर शहर में फोगिंग करवाई जा रही है। सफाई कर्मचारियों द्वारा नालियों, गंदे पानी से भरे गड्ढों आदि में एमएलओ डलवाया जाएगा। घरों के के बाहर रखी पानी की टंकियों को खाली करवा कर लार्वा के स्रोतों को नष्ट करवाया जाएगा।
डिप्टी सीएमएचओ डॉ. रविशंकर शर्मा ने बताया कि हमारा स्वास्थ्य हमारा अभियान में सभी जिलावासी भी अपना सहयोग दें और अपने घरों में कूलर, टंकी, परिंडे, फ्रिज ट्रे, फूलदान आदि को रगड़कर साफ करने के साथ छत पर रखे कबाड़ को हटाएं। घरों के आसपास पानी एकत्र नहीं होने दें। अभियान में नागरिक सुरक्षा, चिकित्सा शिक्षा विभाग, रेलवे हॉस्पिटल, पशुपालन विभाग, आयुर्वेद विभाग, पंचायती राज विभाग, समाज कल्याण विभाग, शहरी विकास विभाग, हाउसिंग बोर्ड, आवासन मंडल व नर्सिंग काउंसिल आदि विभागों का सहयोग लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि 15 अगस्त को चिकित्सा विभाग के कार्मिकों द्वारा ग्राम स्वास्थ्य, पेयजल एवं स्वच्छता समिति की बैठक में लार्वा का प्रदर्शन कर डेंगू की रोकथाम हेतु की जाने वाली गतिविधियों की जानकारी दी जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Ad Code

Responsive Advertisement